logo

बिहार के डिप्टी CM ने 15 अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, बोले- ईमानदारी और समर्पण से निभाएं जिम्मेदारी

1595.jpg

पटना/बिहार
पटना स्थित सिंचाई भवन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में आज बिहार के उप मुख्यमंत्री एवं जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कुल 15 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें 6 नवनियुक्त सहायक अभियंता, अनुकंपा के आधार पर 6 निम्नवर्गीय लिपिक और 3 कार्यालय परिचारी शामिल हैं। 

ईमानदारी और कार्यकुशलता पर दिया जोर
कार्यक्रम का शुभारंभ विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह और अन्य अधिकारियों के साथ दीप प्रज्वलित कर किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अब सभी नवनियुक्त कर्मी जल संसाधन विभाग परिवार का अभिन्न अंग हैं। उन्होंने कहा कि विभाग ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई और बाढ़ सुरक्षा जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं देता है, इसलिए सभी कर्मियों को पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। साथ ही सहायक अभियंताओं को नियमित रूप से कार्यस्थलों का निरीक्षण करने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया।
 

अनुकंपा नियुक्ति प्रक्रिया की सराहना
इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने अनुकंपा के आधार पर नियुक्त कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि विभाग की संवेदनशीलता का परिचायक है कि दिवंगत कर्मियों के आश्रितों को शीघ्र नियुक्ति दी जाती है। उन्होंने इस प्रक्रिया को समय पर पूरा करने वाले अधिकारियों की सराहना भी की। वहीं विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने नवनियुक्त कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विभाग को उनसे उत्कृष्ट कार्य की अपेक्षा है और हर स्तर पर सहयोग दिया जाएगा।

Tags - Bihar Deputy CM distributes appointment letters 15 candidates get jobs Vijay Kumar Choudhary event