बिहार
बिहार में नई सरकार के गठन के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अगले महीने मई में अपने मंत्रिमंडल का विस्तार कर सकते हैं। इस विस्तार में एनडीए के सभी सहयोगी दलों लोजपा (रा), रालोमो और हम (से) को भी प्रतिनिधित्व दिए जाने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक, घटक दलों को विधानसभा में उनकी संख्या के आधार पर मंत्री पद आवंटित किए जाएंगे। फिलहाल राज्य मंत्रिपरिषद में 36 पद खाली हैं, जिन्हें इस विस्तार के दौरान भरा जा सकता है।

नीतीश कुमार का अपनाया जाएगा फॉर्मूला
बताया जा रहा है कि इस बार भी पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल वाला फॉर्मूला ही अपनाया जाएगा, जिसमें अनुभवी नेताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। हालांकि, कुछ नए चेहरों को भी मौका मिलने की चर्चा है। अब ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि यह कैबिनेट विस्तार पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद किया जाएगा।

शपथ के तुरंत बाद सम्राट चौधरी ने की मीटिंग
गौरतलब है कि मंगलवार की शाम को 4 बजे एनडीए विधानमंडल दल का नेता चुने जाने के बाद बुधवार को 11 बजे उन्होंने लोकभवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण के तुरंत बाद बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुख्य सचिवालय भवन के सभागार में प्रदेश के वरीय अधिकारियों के साथ मीटिंग की। इस मीटिंग में विभिन्न विभागों के निदेशक और सचिव के अतिरिक्त वरीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। सीएम सम्राट चौधरी ने अधिकारियों से विभागों के कामकाज से संबंधित ब्रीफिंग ली और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।