द फॉलोअप,बिहार
भाजपा ने बिहार प्रदेश संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए नई प्रदेश पदाधिकारी टीम की घोषणा कर दी है। पार्टी की ओर से जारी सूची में कुल 38 नेताओं को संगठन में अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। यह घोषणा प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशानुसार की गई है। नई टीम में वरिष्ठ नेताओं, पूर्व विधायकों और महिला नेताओं को प्रमुख स्थान दिया गया है।
संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करेंगे
भाजपा नेतृत्व का कहना है कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी चुनावी रणनीति को धार देने के उद्देश्य से यह बदलाव किया गया है। नई सूची के अनुसार हरिभूषण ठाकुर बचौल, राकेश कुमार, संतोष पाठक, मनोज कुमार सिंह, अन्नामिका पासवान, रामा सिंह, पवन जायसवाल, प्रणव कुमार यादव समेत कई नेताओं को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं सरोज रंजन पटेल, धनराज शर्मा, प्रीति शेखर, नितिन अभिषेक और राजोर झा उर्फ राजू झा को प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा पार्टी ने कई नेताओं को प्रदेश मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपते हुए संगठन में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश की है।
कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल
भाजपा ने संगठन में वित्तीय और प्रशासनिक जिम्मेदारियों का भी बंटवारा किया है। विधायक विक्रम नारायण सिंह को प्रदेश कोषाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि राजेश सिन्हा और अंकुर गुप्ता को सह कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। अक्षय कुमार को प्रदेश मुख्यालय प्रभारी और विनय केसरी को कार्यालय मंत्री नियुक्त किया गया है। नई टीम की घोषणा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और पार्टी नेताओं का दावा है कि यह टीम बिहार में संगठन को और अधिक मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी।