पटना
पटना में बुधवार को बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर जमकर लाठी-डंडे और पत्थर बरसाई। चौंकाने वाली बात यह रही कि इस दौरान सता और विपक्ष की लड़ाई में पुलिस भी हस्तक्षेप नहीं की। हालांकि स्थिति को बिगड़ते देख पुलिस-प्रशासन ने एक्शन लिया। मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सपा के प्रमुख नेता अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेता दिल्ली के जंतर-मंतर पर कथित पेपर लीक के विरोध में आंदोलनरत अभ्यर्थियों पर पुलिसिया कार्रवाई के बाद उनका समर्थन देने के लिए पीएमओ आवास के सामने धरना देने बैठे थे, जिसके बाद पुलिस ने सभी विपक्ष के नेताओं को हिरासत में लिया था। इसी बाबत बिहार विधानसभा में चल रहे मानसून सत्र के दौरान यह मुद्दा उठा। भाजपा के कई बड़े नेता, मंत्री सहित मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए राहुल गांधी पर हाई सिक्योरिटी जोन में नियमों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

बीजेपी नेता कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने पहुंचे
इसी को लेकर आज बीजेपी नेता कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने पहुंचे थे। कार्यालय के बाहर दोनों पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी और लाठी-डंडे चले। इस दौरान दोनों पक्षों के कई नेताओं को गहरी चोटें भी आईं। बीजेपी नेताओं का आरोप है कि विपक्ष पहले से ही पत्थऱ और लाठी-डंडे लेकर तैयार था। बीजेपी नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी ने पीएम आवास के सामने धरना देकर प्रधानमंत्री की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया है। बिहार के कई इलाकों में अलग-अलग पक्ष और विपक्ष को एक-दूसरे का विरोध करते हुए सड़कों पर देखा गया।

अलग-अलग जगहों पर दिखाई दिये कार्यकर्ता
वहीं औरंगाबाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला फूंका। साथ ही ‘हिटलर शाही नहीं चलेगी, मोदी तेरी तानाशाही नहीं चलेगी’ जैसी जमकर नारेबाजी की। मुजफ्फरपुर में भी कार्यकर्ता राहुल गांधी को हिरासत में लिये जाने के विरोध में एनडीए सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते और सड़कों पर दिखाई दिये।