logo

बिहार बंद के दौरान तेजप्रताप यादव तिरंगा लेकर पहुंचे धरनास्थल, मोबाइल टावर पर चढ़े छात्र; पटना में बवाल!

तेजप.jpg

Bihar Band:

बिहार में बंद के दौरान छात्रों को समर्थन देने के लिए जनशक्ति जनता दल के सुप्रीमो तेजप्रताप यादव हाथ में तिरंगा झंडा लेकर अपना समर्थन देने धरनास्थल पर पहुंचे। तेजप्रताप के पहुंचते ही राजनीतिक माहौल गर्म हो गया। उन्होंने इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी इस्तीफे की मांग की। इससे पहले गांधी मैदान अंतर्गत रामगुलाम चौक पर जारी धरनास्थल पर कई छात्र विरोध जताने के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ गए। प्रदर्शनकारियों को नीचे उतारने और स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए पुलिस लगातार कोशिश करती रही। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए पटना SSP कार्तिकेय शर्मा स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पहुंचे। मौके पर पथराव और लाठीचार्ज भी देखने को मिला।

राज्य के अलग-अलग जिलों में चल रहा आंदोलन
बीते तीन दिनों से आइसा संगठन द्वारा राज्य के अलग-अलग जिलों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। दिल्ली के जंतर-मंतर से शुरू हुआ यह आंदोलन अब देश के अलग-अलग राज्यों में उग्र होता दिख रहा है। प्रदर्शनकारियों को उग्र होते देख भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना शुरू कर दिया। पटना सदर एसडीएम कृतिका शर्मा ने स्थिति को संभालने के लिए लाठीचार्ज का आदेश दिया। इस दौरान घायल डीएसपी कामाख्या नारायण भी मौके पर पहुंचे और पुलिस बल को दिशा-निर्देश देते नजर आए। वहीं, गांधी मैदान क्षेत्र में भी पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई करनी पड़ी।

सीवान में कॉकरोच के गेटअप में छात्र ने जताया विरोध
आज बिहार बंद के दौरान सीवान में प्रदर्शनस्थल पर एक छात्र कॉकरोच के गेटअप में सड़क पर उतरकर विरोध जताता नजर आया। वहीं, सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने के आरोप में एक युवक को हिरासत में लिया गया। बेगूसराय में भी पुलिस हाई अलर्ट पर है। इस दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए ड्रोन से निगरानी की जा रही है। वहीं छपरा में भी छात्रों का प्रदर्शन उग्र रहा। कुछ प्रदर्शनकारियों ने सरकारी भवन पर चढ़कर पोस्टर फाड़ दिए और बैरिकेडिंग हटाने की कोशिश की। राज्य के अलग-अलग जिलों में प्रदर्शनकारियों के भीड़ को देखते हुए प्रशासन हाई अलर्ट पर है। सोशल मीडिया पर प्रशासन नजर बनाये हुए है।

Tags - Bihar Bandh NewsTej Pratap YadavAISA Bihar Bandh