द फॉलोअप डेस्क:
Bihar Assembly Session 2026: बिहार विधानसभा (Bihar Assembly) का सत्र 30 नवंबर से शुरू होने की संभावना है। इसे देखते हुए पटना (Patna) में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है। सत्र की शुरुआत से लेकर समाप्ति तक विधानसभा के आसपास करीब 2 किलोमीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लागू रहेंगे। डीएम के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी कृतिका मिश्रा ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। प्रशासन का कहना है कि विधानसभा की कार्यवाही के दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसलिए यह फैसला लिया गया है।

धरना-प्रदर्शन और जुलूस निकालने पर रोक
जारी आदेश के अनुसार, विधानसभा के आसपास पांच या इससे अधिक लोगों के गैरकानूनी जमावड़े पर रोक रहेगी। इसके अलावा धरना-प्रदर्शन, जुलूस निकालने और विधानसभा का घेराव करने की अनुमति नहीं होगी। प्रतिबंधित क्षेत्र में गोली-बारूद, विस्फोटक सामग्री, छुरी, भाला या किसी अन्य तरह के हथियार लेकर जाने पर भी पाबंदी रहेगी। वहीं, बिना अनुमति लाउडस्पीकर बजाने की भी मनाही होगी। प्रशासन ने ये प्रतिबंध विधानसभा सत्र के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से लगाए हैं।

इन इलाकों में लागू रहेंगे प्रतिबंध
प्रशासन की ओर से विधानसभा के आसपास प्रतिबंधित क्षेत्र की सीमाएं भी निर्धारित की गई हैं। इसमें पटना-दीघा घाट सड़क और आर ब्लॉक गोलंबर के पास बने गेट तक का इलाका शामिल है। इसके अलावा पटना-दानापुर मुख्य रेल पथ, नया हवाई अड्डा, पटना-अनिसाबाद रेलवे क्रॉसिंग से बेली रोड और आसपास के क्षेत्रों में भी प्रतिबंध प्रभावी रहेंगे। इस दौरान निर्धारित दायरे में बिना अनुमति प्रतिबंधित गतिविधियां नहीं की जा सकेंगी। सत्र के दौरान पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी।