Bihar Assembly Monsoon Session:
बिहार विधानसभा का पांच दिवसीय मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होगा, जो 24 जुलाई तक चलेगा। सत्र के दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 का प्रथम अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। 21 और 22 जुलाई को सरकार की ओर से विभिन्न विधेयक सदन में रखे जाएंगे। 23 जुलाई को अनुपूरक बजट पर चर्चा और मतदान होगा। विधानसभा अध्यक्ष की अध्यक्षता में हुई बैठक में सदन की कार्यवाही को सुचारू और प्रभावी बनाने को लेकर चर्चा की गई। इस बार विधायकों की सुविधा के लिए शून्यकाल और ध्यानाकर्षण प्रस्तावों की सूचनाएं ऑनलाइन जमा करने की व्यवस्था भी की गई है।

कई मुद्दों पर घिरेगी एनडीए सरकार
शून्यकाल की सूचनाएं सुबह 8 से 9 बजे तक जबकि ध्यानाकर्षण प्रस्तावों की सूचनाएं सुबह 9 से 10 बजे तक ऑनलाइन जमा की जाएंगीं। राजद, कांग्रेस और वाम दल राज्य में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और कानून-व्यवस्था समेत राज्य के कई मुद्दे को लेकर एनडीए सरकार को घेर सकती हैं। विपक्ष हालिया घटनाओं को लेकर सरकार से जवाब मांग सकता है। विधानसभा अध्यक्ष ने सभी दलों के नेताओं से अपील की है कि वे अपने विधायकों को सदन की कार्यवाही में अनुशासित और रचनात्मक भागीदारी के लिए प्रेरित करें, ताकि जनहित के मुद्दों पर गंभीर चर्चा हो सके।

परिसर में मेटल डिटेक्टर लगाए जाएंगे
सत्र को देखते हुए बिहार विधानसभा परिसर की सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की जा रही है। सभी प्रवेश द्वारों पर बैगेज स्कैनर, वाहन जांच मशीन और मेटल डिटेक्टर लगाए जाएंगे। परिसर में प्रवेश करने वाले सभी लोगों, वाहनों और सामानों की जांच की जाएगी। अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों के लिए अलग-अलग रंग और श्रेणी के पास जारी होंगे। बिना अनुमति वाले लोगों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी।