logo

बिहार के सभी पंचायतों में होगा मुक्तिधाम का निर्माण, इतना होगा खर्चा!

vxcv.jpg

द फॉलोअप,बिहार
बिहार के सभी पंचायतों में मुक्तिधाम का निर्माण किया जाएगा। प्रत्येक मुक्तिधाम पर 22 लाख 17 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। सात निश्चय-3 के तहत सभी गांव के पंचायतों में शवदाह गृह या मोक्षधाम बनाया जायेगा। इसका मानक प्राक्कलन पंचायती राज विभाग ने तय कर लिया है। मुक्तिधाम के चारों तरफ दो पंक्ति में पौधारोपण भी कराया जाएगा।

मंत्री श्रवण कुमार ने दी जानकारी
इसकी जानकारी देते हुए सूचना-जनसंपर्क एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि इसके मुख्य द्वार के दोनों ओर पिलर और तारों से घेराबंदी कराई जाएगी, जिसकी जिम्मा ग्रामीण विकास विभाग को दी गई है। इसके अलावा चारों तरफ दो पंक्ति में पौधारोपण भी कराया जायेगा। पौधारोपण और इसकी घेराबंदी, फेंसिंग का कार्य विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) के माध्यम के द्वारा कराया जाएगा। इस योजना पर होने वाले खर्च का वहन GRAM G से कराया जाएगा। मंत्री श्रवण कुमार ने आगे कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा शुरू किया गया सात निश्चय-3 योजना द्वारा इसका क्रियान्वयन कराया जाएगा, जिससे राज्य की जनता को काफी लाभ होगा।

शवदाह के 24 घंटे के भीतर मृत्यु प्रमाण पत्र
मंत्री ने बताया कि सभी पंचायतों के मोक्षधाम में शवदाह के 24 घंटे के अंदर मृतक के परिजनों को मृत्यु प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने का प्रावधान है। पंचायती राज विभाग ने जिलों से भी कहा कि मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने की रिपोर्ट नियमित तौर पर मुख्यालय को भेजनी होगी। 24 घंटे के अंदर निर्गत मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित रिपोर्ट नहीं भेजी गई तो इसके लिए जिलों को स्पष्टीकरण देना अनिवार्य होगा। इस आधार पर संबंधित पदाधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

Tags - Bihar Muktidham construction Bihar Panchayat Muktidham Bihar Mokshdham Yojana