logo

बिहार के 6 शहर प्रदूषण की चपेट में, पटना–सीवान की हवा सबसे अधिक जहरीली, AQI 250 के पार

pollution22.jpg

पटना
बिहार में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार चिंता बढ़ा रहा है। शनिवार को राज्य के छह प्रमुख शहरों की हवा खराब श्रेणी में दर्ज की गई। इनमें सीवान सबसे ज्यादा प्रदूषित रहा, जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी AQI 265 तक पहुंच गया। राजधानी पटना का औसत AQI भी 236 रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से काफी ऊपर है। प्रदूषण नियंत्रण मानकों के उल्लंघन के चलते सीवान, पटना, हाजीपुर, सहरसा, बिहारशरीफ और समस्तीपुर की हवा खराब श्रेणी में पहुंच गई। विशेषज्ञों के अनुसार, मौसम साफ रहने और धूप निकलने के बावजूद प्रदूषण का स्तर कम न होना लापरवाही की ओर इशारा करता है।
पटना शहर की स्थिति भी बेहद चिंताजनक रही। शहर के करीब 80 प्रतिशत इलाके प्रदूषित दर्ज किए गए। गांधी मैदान क्षेत्र में AQI 270 तक पहुंच गया, जो सबसे खराब स्थिति मानी जा रही है। इसके अलावा दानापुर, तारामंडल और समनपुरा इलाकों की हवा भी खराब श्रेणी में रही।


विशेषज्ञों का कहना है कि निर्माण स्थलों पर नियमों की अनदेखी, सड़कों पर धूल और पानी का पर्याप्त छिड़काव न होना प्रदूषण बढ़ने की बड़ी वजह है। उनका मानना है कि प्रदूषण फैलने से खासकर बुजुर्गों, बच्चों और सांस के मरीजों की सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता है।
अन्य शहरों की बात करें तो हाजीपुर में AQI 261, बिहारशरीफ में 227, सहरसा में 234 और समस्तीपुर में 217 दर्ज किया गया। वहीं बक्सर, राजगीर, गया, भागलपुर और मुजफ्फरपुर जैसे शहरों में AQI मध्यम श्रेणी में रहा, जबकि किशनगंज की हवा सबसे साफ दर्ज की गई।

Tags - Bihar Bihar News Bihar।atest News Bihar News Update Bihar News in Hindi