logo

दिवाली के पटाखों से प्रदूषित हुई बिहार की हवा, पटना समेत इन शहरों में बढ़ा प्रदूषण

दिवाली के पटाखों से प्रदूषित हुई बिहार की हवा, पटना समेत इन शहरों में बढ़ा प्रदूषण

द फॉलोअप डेस्क:

दीपावली (Diwali) की रात हुई आतिशबाजी का असर अब बिहार (Bihar) के शहरों की हवा में साफ नजर आने लगा है। पटाखों से निकले धुएं के कारण कई शहरों में वायु प्रदूषण (Air Pollution) का स्तर खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है। सोमवार सुबह तक भी हवा की गुणवत्ता में खास सुधार नहीं हुआ। बेगूसराय (Begusarai), मुजफ्फरपुर(Muzaffarpur), बक्सर (Buxar) और मुंगेर समेत राज्य के 17 शहरों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) बेहद खराब दर्ज किया गया। रविवार शाम से शुरू हुई आतिशबाजी देर रात तक जारी रही, जिसके बाद कई इलाकों में धुएं और धुंध की मोटी परत दिखाई देने लगी।

बेगूसराय में AQI 548, पटना की हवा भी बेहद खराब

AQI.in के सोमवार सुबह के आंकड़ों के मुताबिक, बेगूसराय बिहार का सबसे प्रदूषित शहर रहा, जहां AQI 548 दर्ज किया गया। वहीं, मुजफ्फरपुर 450 AQI के साथ दूसरे और बक्सर 436 के साथ तीसरे स्थान पर रहा। मुंगेर में 400, समस्तीपुर में 371 और दरभंगा में 351 AQI रिकॉर्ड किया गया। राजधानी पटना में भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। यहां AQI 308 और आरा में 309 दर्ज किया गया। हालांकि, पटना में दीपावली की रात प्रदूषण का स्तर 998 के पार पहुंच गया था। सोमवार सुबह तक इसमें कुछ गिरावट जरूर आई, लेकिन हवा अब भी सांस लेने के लिहाज से अच्छी स्थिति में नहीं पहुंच सकी है।

बच्चों और बुजुर्गों को सावधानी बरतने की सलाह, मौसम रहेगा शुष्क

बढ़ते वायु प्रदूषण का सबसे ज्यादा असर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से परेशान लोगों पर पड़ सकता है। पटाखों के धुएं में मौजूद बारीक प्रदूषित कण और हानिकारक गैसें सांस के जरिए शरीर में प्रवेश कर सकती हैं। इससे अस्थमा और सांस की दूसरी परेशानियां बढ़ सकती हैं। ऐसे में लोगों को सुबह-शाम अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचना चाहिए। वहीं, खुले में व्यायाम और अधिक शारीरिक मेहनत करने से भी परहेज करना बेहतर होगा। दूसरी ओर, मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बिहार में अगले 24 घंटे तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। राज्य के किसी भी जिले में बारिश या आंधी की संभावना नहीं जताई गई है। सुबह और रात में हल्की ठंडक रहेगी, जबकि दिन के तापमान में गर्मी का एहसास बना रह सकता है।

Tags - Bihar News Bihar Latest News Bihar Air Pollution Bihar AQI Level Bihar Air Quality Index