पटना/बिहार
बिहार सरकार ने राज्य प्रशासनिक सेवा के 36 अधिकारियों का तबादला किया है। इनमें पदस्थापना के इंतजार में रहे चार अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ सरकार ने विभिन्न विभागों और जिलों में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग ने भी बड़े स्तर पर प्रशासनिक बदलाव करते हुए राज्य के मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत 329 डॉक्टरों का तबादला किया है।

जिलों और विभागों में बदले गए अधिकारी
जारी अधिसूचना के अनुसार, नालंदा के वरीय उपसमाहर्ता अभिषेक श्रीवास्तव को मुख्यमंत्री सचिवालय में उप सचिव बनाया गया है। वहीं अमिताभ सिंह को सीवान का उप विकास आयुक्त, अनिल कुमार को समाज कल्याण विभाग में संयुक्त सचिव, गिरधारी लाल को राजस्व विभाग में संयुक्त सचिव और सुरेंद्र प्रसाद को मुजफ्फरपुर के बंदोबस्त पदाधिकारी के साथ शिवहर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसके साथ ही फिरोज अख्तर को कटिहार में आपदा प्रबंधन विभाग में अपर समाहर्ता के पद पर पदस्थापित किया गया। इसके अलावा राखी कुमारी को किशनगंज, सदफ आलम को गया, प्रियंका कुमारी को बेगूसराय, ज्योति रानी को मधुबनी और अमृता ओशो गर्ग को भोजपुर का वरीय उपसमाहर्ता बनाया गया है। इसके अलावा रवि रंजन कुमार गुप्ता को पटना का जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, कुंदन कुमार को गृह विभाग में अपर सचिव, अनुराग कौशल सिंह को उच्च शिक्षा विभाग में संयुक्त सचिव सहित कई अन्य अधिकारियों को विभिन्न विभागों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

329 डॉक्टरों और 83 ड्रग इंस्पेक्टरों का भी तबादला
स्वास्थ्य विभाग ने भी बड़े स्तर पर प्रशासनिक बदलाव करते हुए राज्य के मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत 329 डॉक्टरों का तबादला किया है। इनमें आवेदन के आधार पर 163 डॉक्टरों का स्थानांतरण किया गया है। साथ ही विभाग के 83 ड्रग इंस्पेक्टर का भी तबादला किया गया है। वहीं पदस्थापना की प्रतीक्षा में रहे आठ सीनियर रेजिडेंट, ट्यूटर और चिकित्सा पदाधिकारियों को पीएमसीएच में तैनात किया गया है। इनमें डॉ. तोहफा बेनजीर, डॉ. निधि, डॉ. रूपेश कुमार सिंह, डॉ. प्रमोद कुमार, डॉ. रोहित, डॉ. मधु, डॉ. मुकेश कुमार और शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अतुल शेखर शामिल हैं।