logo

बिहार में महिला पुलिसकर्मियों की अभया ब्रिगेड को मिली 4700 स्कूटी और बाइक, यहां करेंगी पेट्रोलिंग

police_didi.jpg

द फॉलोअप डेस्क:

बिहार में महिला पुलिसकर्मियों की अभया ब्रिगेड को स्कूटी और बाइक मिली। महिला पुलिसकर्मियों के बीच कुल 2,700 स्कूटी और 2000 से ज्यादा बाइक का वितरण किया गया। पुलिस दीदी योजना के तहत महिला पुलिसकर्मियों को स्कूटी और बाइक मिली है। सरकार ने जानकारी दी है कि पुलिस दीदी स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों और भीड़भाड़ वाले संवेदनशील इलाकों के पास पिंक पेट्रोलिंग करेंगी। योजना का मकसद है लड़कियों और महिलाओं के साथ होने वाली  छेड़खानी और उत्पीड़न की घटनाओं को रोकना। स्कूटी और बाइक देने का उद्देश्य यह है कि पुलिस दीदी उन संकरी गलियों और नुक्कड़ों तक भी आसानी से पहुंच सकती हैं,  जहां पुलिस की बड़ी गाड़ियां नहीं जा पातीं। महिला सुरक्षा के लिए बिहार सरकार की ये बहुत सकारात्मक पहल है। 

 

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिखाई हरी झंडी
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पुलिस दीदियों को स्कूटी और बाइक का वितरण  करने के बाद हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि रक्षाबंधन के मौके पर बिहार की बहनों के लिए खास। उन्होंने लिखा कि रक्षाबंधन के पावन अवसर पर ज्ञान भवन, पटना में गृह विभाग एवं शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर बिहार की बहनों की सुरक्षा, शिक्षा और आत्मनिर्भरता के संकल्प का नव आरंभ किया।

महिला सशक्तिकरण के लिए कई नई पहल
महिलाओं की उच्च शिक्षा एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए 1,000 महिलाओं को PhD हेतु प्रतिमाह 10,000 रुपये की फेलोशिप तथा 2,100 महिलाओं को स्टार्टअप के लिए 50 हजार से 2 लाख रुपये तक की सहायता की शुरुआत की। साथ ही महिला सुरक्षा के लिए "पुलिस दीदी" योजना के तहत पूरे बिहार में करीब 2,700 स्कूटी एवं 2,000 से अधिक मोटरसाइकिल से स्कूल-कॉलेज के आसपास बहनों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। स्कूल-कॉलेजों में पुलिस दीदी की तैनाती से छात्राओं एवं महिलाओं की सुरक्षा और मजबूत होगी।

सीएम  ने कहा कि आज बिहार की करीब 1.81 करोड़ महिलाएं जीविका से जुड़ी हैं और लगभग 43 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। अगले दो वर्षों में एक लाख और जीविका दीदियों को लखपति बनाने का लक्ष्य है। सुरक्षित, शिक्षित और आत्मनिर्भर महिलाएं ही सुरक्षित, समृद्ध एवं विकसित बिहार की पहचान बनेंगी। 

Tags - Bihar PolicePolice DidiAbhaya DidiCM Samrat Choudhary