द फॉलोअप डेस्क
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश के नेतृत्व में बड़ा बदलाव होने वाला है। जगदानंद सिंह की जगह मंगनी लाल मंडल बिहार आरजेडी के नए प्रदेश अध्यक्ष बनाए जा रहे हैं। शनिवार 14 जून को मंगनी लाल मंडल ने प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया। इसके बाद अब 19 जून को राज्य परिषद की बैठक में उनके अध्यक्ष बनने की औपचारिक घोषणा होगी।
मंगनी के नामांकन में तेजस्वी भी रहे मौजूद
मंगनी लाल मंडल के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन के दौरान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष व राजद नेता तेजस्वी यादव भी मौजूद थे। उन्होंने इस दौरान कहा, "मंगनी लाल मंडल काफी अनुभवी नेता हैं। उनकी समाजवादी राजनीति को आगे बढ़ाने में बड़ी भूमिका रही है। आज मंगनी लाल मंडल ने प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया, ऐसे में हम सब खुश हैं। हमारी पार्टी राजद जनता की बात करती है और सभी को साथ लेकर चलती है। हम सब मिलकर इस बार नया बिहार बनाएंगे।"
कौन हैं मंगनी लाल मंडल?
बता दें कि मंगनी लाल मंडल अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC) से आते हैं। उनके पास काफी राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभव है। उन्होंने बिहार के पूर्व कैबिनेट मंत्री मंडल में राज्यसभा और लोकसभा दोनों में काम किया है। हालांकि वह जनता दल यूनाइटेड में कुछ समय के लिए शामिल हुए थे। लेकिन साल 2025 की शुरुआत में वह राजद में शामिल हो गए थे। उनका जन्म साल 1949 में फुलपरास प्रखंड के गोरगामा में एक मजदूर परिवार में हुआ था। वह कर्पूरी ठाकुर के साथ छात्र राजनीति के समय से ही जुड़े रहे थे। वह बिहार विधान परिषद के सदस्य 1986 से 2004 तक रहे थे। वह राजद से साल 2004 से 2009 तक राज्यसभा सांसद थे। वहीं साल 2009 से 2014 तक वह जेडयू से लोकसभा सांसद थे। उन्हें साल 2024 में उम्मीदवार नहीं बनाया गया था। ऐसे में उन्होंने नाराज होकर जेडयू छोड़ दिया। इसके बाद 6 जनवरी 2025 को उन्होंने राजद का दामन एक बार फिर से थाम लिया था।