Bhojpur:
भोजपुर जिले के बखोरापुर गांव के किसान परिवार से आने वाले निखिल सिंह ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर बड़ी सफलता हासिल की है। निखिल ने लंदन की रॉयल हॉलोवे यूनिवर्सिटी से बिजनेस और कंप्यूटर साइंस में स्नातक की पढ़ाई पूरी की है। ग्रेजुएशन पूरा होते ही उन्हें लंदन की एक प्रतिष्ठित कंपनी से करीब 75 लाख रुपये सालाना वेतन का जॉब ऑफर मिला है। उनकी इस उपलब्धि से गांव और पूरे जिले में खुशी का माहौल है।

अनुशासन और कड़ी मेहनत से मिली सफलता
निखिल के पिता अजय सिंह ने बताया कि बेटे का सपना देश के प्रतिष्ठित संस्थान से पढ़ाई करने का था, लेकिन शुरुआती प्रयास में सफलता नहीं मिली। इसके बाद परिवार ने हार नहीं मानी और वर्ष 2023 में निखिल का दाखिला लंदन की यूनिवर्सिटी में कराया। अजय सिंह ने बताया कि बेटे को विदेश छोड़कर लौटना उनके लिए भावुक पल था, लेकिन निखिल ने आत्मविश्वास, अनुशासन और कड़ी मेहनत से अपनी पढ़ाई पूरी की और अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करियर की शुरुआत करने जा रहे हैं।

पिता ने याद किया अपना बचपन
अजय सिंह ने अपने संघर्षों को याद करते हुए कहा कि वह खुद एक साधारण किसान परिवार से आते हैं। उन्होंने अपना बचपन को याद करते हुए कहा कि वे गांव के सरकारी स्कूल से पढाई किये हैं। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपने बेटे को बेहतर शिक्षा दिलाने का सपना पूरा किया। उन्होंने कहा कि किसान परिवार से निकलकर बेटे को विश्वस्तरीय विश्वविद्यालय से पढ़ाई पूरी करते और सफलता हासिल करते देखना उनके जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है। आगे उन्होंने युवाओं और अभिभावकों से शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि मेहनत और सही लक्ष्य के साथ कोई भी व्यक्ति सफलता हासिल कर सकता है।