Bhojpur News:
भोजपुर जिले में खेत में काम कर रहे एक किसान की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के कटेया गांव की है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। खबर फैलते ही आसपास में मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और बिना देर किये अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान
मृतक की पहचान कटेया गांव निवासी भागीरथी महतो (68) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रोज की तरह अपने खेत में फसल की देखभाल और कृषि कार्य करने गए थे। इसी दौरान खेत में पड़े बिजली के प्रवाहित तार की चपेट में आ गए। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गए और खेत में गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद किसान और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। परिजनों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
सूचना मिलने पर बिहिया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने जर्जर और खुले बिजली के तारों को लेकर बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। वहीं, ग्रामीणों ने मृतक किसान के परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग प्रशासन से की है।