logo

पति के दोस्त ने नवविवाहिता की चाकू घोंपकर हत्या कर दी, क्या था विवाद!

पति के दोस्त ने नवविवाहिता की चाकू घोंपकर हत्या कर दी, क्या था विवाद!

द फॉलोअप डेस्क:

बिहार के भैरवस्थान (Bhairavsthan) थाना क्षेत्र के सर्वसीमा गांव में 22 वर्षीय नवविवाहिता काजल कुमारी (Kajal Kumari) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के मुताबिक, काजल की शादी दरभंगा (Darbhanga) जिले के सोनपुर गांव निवासी शिवम कुमार से हुई थी। सोमवार की शाम वह अपने ससुराल से मायके आई थी। इसी दौरान यह घटना हुई।

बाइक की किस्त को लेकर चल रहा था विवाद

बताया जा रहा है कि काजल के पति शिवम कुमार ने अपने दोस्त जतिन कामती को बाइक खरीदवाई थी। आरोप है कि बाइक की दो महीने की किस्त के पैसे लेने के बावजूद जतिन ने उन्हें जमा नहीं किया था। इसी बात को लेकर शिवम और जतिन के बीच फोन पर विवाद हो रहा था। सोमवार शाम जतिन अपने एक नाबालिग दोस्त के साथ काजल के मायके पहुंचा। आरोप है कि उसने पहले काजल की मां के साथ मारपीट की। जब काजल ने इसका विरोध किया, तो उस पर चाकू से चार वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

शव के अंतिम संस्कार को लेकर भी हुआ विवाद

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सोमवार रात पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मृतका के मायके वाले शव लेकर कथित आरोपी जतिन के घर पहुंच गए और वहीं अंतिम संस्कार करने की बात कहने लगे। बाद में पुलिस और अन्य लोगों के समझाने पर शव का अंतिम संस्कार गांव के गाछी में किया गया। इस मामले में काजल की मां ने जतिन कामती और एक नाबालिग के खिलाफ पुलिस को आवेदन दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल में जुटी है।

Tags - Bhairavsthan Murder Case Kajal Kumari Murder Newlywed Woman Murder in Bihar Sarvasima Village Crime