द फॉलोअप डेस्क
भागलपुर में रेल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है RPF और GRP की संयुक्त छापेमारी में ट्रेनों में यात्रियों से लूटे गए भारी मात्रा में जेवरात बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई में दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया गया है, बरामद जेवरात की बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। रेल एसपी विद्यासागर ने बताया कि GRP को गुप्त सूचना मिली थी कि हावड़ा की ओर जाने वाली ट्रेनों में चोरी और लूट करने वाला एक गिरोह सक्रिय है, सूचना के आधार पर पुलिस ने जांच अभियान चलाया इसी दौरान संजय यादव नामक संदिग्ध के पास से एक ब्लेड बरामद हुआ पुलिस पूछताछ में संजय यादव ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

उसकी निशानदेही पर बबरगंज थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव स्थित एक किराए के मकान में छापेमारी की गई जहां मकान के तहखाने से बड़ी मात्रा में लूटे गए जेवरात बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपी संजय यादव मुंगेर जिले के बरियारपुर का रहने वाला है जबकि दूसरा आरोपी पलटू मंडल खगड़िया जिले का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार दोनों पिछले लगभग तीन वर्षों से अपने गिरोह के साथ ट्रेनों में चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। रेल एसपी ने बताया कि पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों और सरगनाओं के नाम भी सामने आए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है, और जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा होने की संभावना है।
