logo

भागलपुर में ढाई साल के बच्चे को हत्या से पहले पीटा, आंख-कनपट्टी में कील ठोंकी; मौत के बाद परिवार में कोहराम 

crime59.jpg

भागलपुर/बिहार
भागलपुर जिले में एक मासूम बच्चे को अज्ञात अपराधियों ने अगवा किया। उसके बाद उसकी पिटाई की। इतना ही नहीं निर्ममता के साथ आंख और कनपट्टी में कील ठोंक कर उसकी हत्या कर नदी किनारे फेंक दिया। शव मिलने के बाद से परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि होगी। घटना जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र की है। 

पिता के साथ मंदिर परिसर में सो रहा था 
मासूम बच्चे की पहचान आदित्य कुमार के रुप में की गई है। शव मिलने से पूरे इलाके में   सनसनी फैल गई। पिता पांचू मंडल ने बताया कि मंगलवार रात वे अपने बच्चे के साथ लालूचक स्थित महावीर मंदिर परिसर में सो रहे थे। आरोप है कि रात करीब 2 बजे अज्ञात लोग उसे पिता के पास से उठाकर ले गए। बुधवार सुबह श्रीरामपुर घाट के पास नदी किनारे उसका शव बरामद हुआ। पिता का आरोप है कि हत्या से पहले बच्चे के साथ बेरहमी की गई और आंख-कनपटी के पास कील ठोककर उसकी हत्या कर दी गई। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि होगी। 

पिता ने लगाया आरोप 
पिता ने बताया कि परिवार में तीसरे बच्चे के जन्म पर छठी का भोज रखा गया था। घर छोटा होने के कारण वह आदित्य को लेकर मंदिर परिसर में सोने चले गए थे। उनका आरोप है कि जमीन विवाद को लेकर पट्टीदार सुभाष मंडल ने पहले ही जान से मारने की धमकी दी थी। उसने कहा था, "आज तुम भोज कर रहे हो, कल मैं करूंगा।" पिता ने इसी विवाद के चलते सुभाष मंडल पर हत्या की आशंका जताई है। मामले में अपहरण की शिकायत पहले ही नाथनगर थाने में दर्ज कराई गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वायड और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने शुरू किये। प्रारंभिक जांच में बच्चे की आंख के पास चोट के निशान मिले हैं, जबकि एफएसएल ने जीभ बाहर निकली होने के आधार पर गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। मामले में नगर डीएसपी-2 राकेश कुमार ने कहा कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Tags - Bhagalpur Child Murder Bhagalpur News Bihar News