logo

लव जिहाद : बेगूसराय में अंकिता की संदिग्ध मौत, मां को फोन कर कहा- 'मुझे बचा लो'

बेगूसराय में अंकिता की संदिग्ध मौत, मां को फोन कर कहा- 'मुझे बचा लो'

द फॉलोअप डेस्क:

बिहार (Bihar) के बेगूसराय (Begusarai) जिले के बड़ी बलिया दक्षिणी वार्ड संख्या-1 में 25 वर्षीय अंकिता कुमारी (Ankita Kumari) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत (Suspicious Death) हो गई। पांच साल पहले मुंगेर जिले की रहने वाली अंकिता ने दूसरे धर्म के युवक मो. आरजू से प्रेम विवाह किया था। अब उसका शव ससुराल में फंदे से लटका मिला है। मृतका की मां द्रौपती देवी ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही बेटी को प्रताड़ित किया जा रहा था। उनके मुताबिक, बेटी के जन्म के बाद ससुराल में उसके साथ दुर्व्यवहार बढ़ गया। अंकिता पर मायके से दहेज लाने और धर्म परिवर्तन करने का दबाव भी बनाया जा रहा था। मां ने अपने आवेदन में पति समेत ससुराल के कई लोगों पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।

मौत से पहले मां को किया फोन, कहा- मुझे बचा लो

द्रौपती देवी के अनुसार, 19 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे अंकिता ने फोन कर अपनी परेशानी बताई थी। वह रो रही थी और उसने मां से जल्द ससुराल आकर उसे वहां से ले जाने की गुहार लगाई थी। अंकिता ने कथित तौर पर आशंका जताई थी कि ससुराल में उसकी जान को खतरा है। मां ने उसे अगली सुबह अपने साथ ले जाने का भरोसा दिया था, लेकिन रात करीब दो बजे उसके पति मो. आरजू ने फोन कर अंकिता की मौत की सूचना दी। इस घटना के बाद मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। हालांकि, मौत की असली वजह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पति समेत कई लोगों पर केस, आरोपियों की तलाश में छापेमारी

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में शव मायके वालों को सौंप दिया गया। मृतका की मां के लिखित आवेदन पर बलिया थाने में कांड संख्या 540/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बलिया थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार के मुताबिक, मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस मृतका के परिजनों के आरोपों के साथ अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि अंकिता की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

Tags - Bihar News Bihar Latest News Begusarai Ankita Kumari Death Ankita Kumari Suspicious Death Begusarai Crime News