logo

पटना के मोकीमपुर में 30-40 राउंड फायरिंग, गोली लगने से घोड़े की मौत

पटना के मोकीमपुर में 30-40 राउंड फायरिंग, गोली लगने से घोड़े की मौत

द फॉलोअप डेस्क:

बिहार (Bihar) के बाढ़ थाना क्षेत्र के मोकीमपुर (Mokimpur) गांव में पुरानी जमीन की रंजिश को लेकर अंधाधुंध फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने हनुमान यादव (Hanuman Yadav) नामक व्यक्ति पर राइफल से करीब 30 से 40 राउंड गोलियां चलाने का आरोप लगाया है। इस घटना में गोली लगने से एक घोड़े की मौत हो गई। अचानक हुई गोलीबारी से गांव में अफरातफरी मच गई और ग्रामीणों के बीच दहशत का माहौल बन गया।

फायरिंग से गांव में दहशत

ग्रामीणों के अनुसार, जमीन विवाद को लेकर हुई इस घटना के दौरान लगातार गोलियां चलने से लोग सहम गए और अपनी जान बचाने के लिए घरों में दुबक गए। आरोप है कि हनुमान यादव ने राइफल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर पूरे इलाके में भय का माहौल पैदा कर दिया। गोलीबारी के दौरान एक घोड़े की जान चली गई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। गांव में दोबारा किसी अप्रिय घटना की आशंका को लेकर भी ग्रामीण चिंतित हैं।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने के बाद बाढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। ग्रामीणों ने आरोपित के खिलाफ स्थानीय थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Tags - Bihar News Bihar Latest News Barh Firing Incident Mokimpur Village Firing Hanuman Yadav Firing Case