logo

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव :  आज से नामांकन शुरु, सुरक्षा के कड़े इंतजाम; सिर्फ पांच लोगों को प्रवेश की अनुमति 

upchunav.jpg

बिहार:

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए आज से नामांकन प्रक्रिया शुरु हो गई है। सभी उम्मीदवार सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपना पर्चा जमा कर सकेंगे। उम्मीदवार 13 जुलाई तक अपना नामांकन पत्र दाखिल कर पाएंगे। नामांकन की जांच 14 जुलाई को होगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तारिख 16 जुलाई तक है। 

प्रशासन ने सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू की
नामांकन पटना कलेक्ट्रेट परिसर पटना सदर अनुमंडल कार्यालय की दूसरी मंजिल पर किया जाएगा। सारी  प्रक्रिया भूमि सुधार उप समाहर्ता के कोर्ट रुम में पूरी होगी। पूरे कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा के चाक-चौबंध किए गए हैं। मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की भारी संख्या में तैनाती की गई है। उम्मीदवारों को गेट नंबर 1 से प्रवेश करना होगा साथ ही इसी गेट से निकासी भी होगी। बांकीपुर विधानसभा को लेकर प्रशासन ने सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। कारगिल चौक से लेकर कलेक्ट्रेट परिसर तक कड़ी निगरानी रखी जाएगी। साथ ही पटना गांधी मैंदान थाना पुलिस को विशेष सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

उम्मीदवार अपने साथ अधिकतम तीन वाहन ही ला सकेंगे
उम्मीदवार अपने साथ अधिकतम तीन वाहन ही ला सकेंगे। वहीं कलेक्ट्रेट परिसर में निजी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। नामांकन कक्ष में उम्मीदवार सहित केवल पांच लोगों को ही प्रवेश मिलेगा। परिसर में किसी भी प्रकार के लाइसेंसी हथियार लाने की अनुमति नहीं होगी। सरकारी या निजी बॉडीगार्ड को नामांकन स्थल से 100 मीटर पहले ही रोक दिया जाएगा। वहीं, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कारगिल चौक के पास सुबह 8 बजे से एम्बुलेंस, डॉक्टरों की टीम और फायर ब्रिगेड तैनात रहेगी। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में बीएनएसएस की धारा 163 लागू करते हुए भीड़ जुटाने पर प्रतिबंध लगाया है। नामांकन की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।

Tags - Bankipur Assembly By Election Bankipur Bypoll 2026