logo

बांकीपुर उपचुनाव: सुबह 9 बजे तक 4.61% मतदान, 3.79 लाख मतदाता करेंगे 25 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला

ानस21.jpg

द फॉलोअप डेस्क
भाजपा के गढ़ माने जाने वाले बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए गुरुवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया। सुबह 9 बजे तक 4.61 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पूर्व केंद्रीय मंत्री सीपी ठाकुर, सांसद विवेक ठाकुर, मंत्री रामकृपाल यादव और विधायक श्याम रजक समेत कई प्रमुख नेताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से जुड़ी प्रतिष्ठा के कारण यह चुनाव राज्य की सबसे चर्चित सीटों में शामिल है। इस उपचुनाव में कुल 3,79,616 मतदाता 25 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 3 अगस्त को होगी। मुख्य मुकाबला एनडीए समर्थित भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा, महागठबंधन की राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता और जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर के बीच माना जा रहा है। इनके अलावा 14 छोटे दलों और 8 निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में हैं।

422 बूथों पर मतदान, ईवीएम और वीवीपैट का विशेष इंतजाम
मतदान के लिए 187 भवनों में कुल 422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। बुधवार को सभी मतदानकर्मियों को ईवीएम और वीवीपैट के साथ बूथों पर रवाना कर दिया गया था। तकनीकी खराबी की स्थिति से निपटने के लिए 40 प्रतिशत अतिरिक्त बैलट यूनिट और कंट्रोल यूनिट तथा 50 प्रतिशत अतिरिक्त वीवीपैट मशीनें रिजर्व रखी गई हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया बिना किसी बाधा के जारी रहे।

फ्लैग मार्च के साथ कड़ी सुरक्षा, केंद्रीय बलों की तैनाती
स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए मतदान से पहले संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों में पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र बलों ने फ्लैग मार्च किया। बूथों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। मतदान केंद्र के भीतर सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्रीय सशस्त्र बलों को सौंपी गई है, जबकि बाहर पुलिस बल और कतार प्रबंधन के लिए होमगार्ड के जवान तैनात किए गए हैं। चुनाव आयोग ने पूरे मतदान पर कड़ी निगरानी रखी है।

Tags - Bankipur Assembly Bypoll Bihar Election Bankipur Voting Neeraj Sinha Rekha Gupta Prashant Kishor Bihar News