logo

औरंगाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा, टूरिस्ट बस ट्रेलर से टकराई; 3 की मौत, 20 घायल

accid.jpg


औरंगाबाद/बिहार
औरंगाबाद जिले में रविवार देर रात एनएच-19 पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। टूरिस्ट बस और ट्रक-ट्रेलर में जोरदार भिड़ंत हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई। इसमें तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि करीब 20 यात्री घायल हो गए। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भेड़िया और देव मोड़ के बीच स्थित भवानी होटल के पास हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई।
 

तीन की मौत, कई घायलों की हालत गंभीर
जानकारी के अनुसार आंध्र प्रदेश के लगभग 40 श्रद्धालु धार्मिक यात्रा पर निकले थे। वे सभी बोधगया से वाराणसी जा रहे थे। इसी दौरान उनकी टूरिस्ट बस आगे चल रहे ट्रक-ट्रेलर से टकरा गई। इस घटना में आंध्र प्रदेश के नेल्लूर जिले के निवासी 50 वर्षीय हजरतया, 43 वर्षीय फातमावती और 64 वर्षीय पशुलेट वेंकटेश की मौत हो गई। वहीं करीब 20 यात्री घायल हुए हैं। जिनमें 7 से 8 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में सुभनमा, नरेंद्र रेड्डी और प्रसाद समेत कई अन्य यात्री शामिल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस चालक ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था, इसी दौरान यह हादसा हुआ। 

राहत-बचाव के बाद जांच में जुटी पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, पुलिस मौके पर पहुंच गई। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। जिला पार्षद अनिल यादव ने भी घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक-ट्रेलर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Tags - Aurangabad road accident Aurangabad Bihar accident Bihar road accident news