logo

डेहरी-डालमियानगर EO हत्याकांड का खुलासा, चालक मिथिलेश गिरफ्तार; रास्ते के विवाद में हत्या की आशंका

EO_VIMAL_KUMAR.jpg

द फॉलोअप/ बिहार 
औरंगाबाद जिले में डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (EO) विमल कुमार की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतक अधिकारी के चालक मिथिलेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पटना जाने के दौरान रास्ते में दोनों के बीच विवाद हुआ था, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया। हालांकि पुलिस इस मामले को केवल आपसी विवाद मानकर नहीं चल रही है और अन्य संभावित एंगल से भी जांच जारी है।
पटना जाने के दौरान सुनसान इलाके में हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, विमल कुमार अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से डेहरी से पटना जा रहे थे। इसी दौरान बारुण थाना क्षेत्र के धनौती पुल और लख डीहरा के बीच नहर मार्ग पर किसी बात को लेकर अधिकारी और उनके चालक मिथिलेश कुमार के बीच कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि विवाद धीरे-धीरे बढ़ गया और दोनों के बीच तनाव काफी बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान चालक ने गाड़ी में रखी लोहे की रॉड से विमल कुमार पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल अधिकारी की हालत बिगड़ गई। घटना की सूचना मिलने के बाद बारुण थानाध्यक्ष रंजीत कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घायल EO विमल कुमार को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
रोहतास DM ने कहा- जांच के बाद सामने आएगी पूरी सच्चाई
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक मिथिलेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और घटना अचानक हुई या इसके पीछे कोई पहले से चल रहा विवाद था। रोहतास जिलाधिकारी ने बताया कि EO विमल कुमार हत्याकांड की सूचना शनिवार रात करीब 10:30 बजे मिली थी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल बोर्ड का गठन कर वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया गया है। डीएम ने बताया कि पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आएगी।
पुलिस खंगाल रही हत्या के पीछे हर एंगल
हालांकि चालक की गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन पुलिस अभी इसे केवल आपसी विवाद का मामला मानकर जांच खत्म नहीं कर रही है। जांच टीम हत्या के पीछे किसी साजिश, पुरानी रंजिश या अन्य कारणों की भी पड़ताल कर रही है। रोहतास और औरंगाबाद जिले के वरिष्ठ अधिकारी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस तकनीकी जांच, फॉरेंसिक साक्ष्य और अन्य सबूतों के आधार पर घटना की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है।

Tags - Aurangabad Bihar Crime Murder Case Police Investigation Breaking News