द फॉलोअप बिहार:
सम्राट कैबिनेट में श्रम संसाधन, परिवार कल्याण और कौशल विकास मंत्री अरुण शंकर पर कथित तौर पर जानलेवा हमला हुआ है। घटना उस समय की बताई जाती है जब वह मधुबनी जिला के खजौली थानाक्षेत्र अंतर्गत ठाहर गांव में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले युवक के आश्रितों से मिलने पहुंचे थे। बताया जाता है कि हमले में मंत्री अरुण शंकर प्रसाद बाल-बाल बचे, हालांकि उनका वाहन क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। गौरतलब है कि ठाहर गांव के कृष्ण ठाकुर की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। मंत्री अरुण शंकर प्रसाद पीड़ित परिवार से मुलाकात करके संवेदना जताने पहुंचे थे और कहा जाता है कि इसी दौरान करीब 400 लोगों की भीड़ ने उनको घेर लिया।
400 लोगों पर हमला करने का आरोप
मंत्री अरुण शंकर प्रसाद के प्रतिनिधि हरिश्चंद्र शर्मा ने बताया कि मंत्री के गांव पहुंचने के दौरान अचानक 300-400 लोग गांव पहुंचे जिनके हाथ में कथित तौर पर लाठी समेत हरवे-हथियार थे। आरोप है कि भीड़ ने अचानक ही मंत्री पर हमला बोल दिया। आरोप तो यहां तक है कि कुछ लोगों ने लाठी से उनका गला दबाने का प्रयास भी किया। कुछ लोगों ने गमछा लपेटकर भी हमला करना चाहा।
घटना के दौरान मंत्री के काफिले में शामिल वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया है। मौके पर अफरा-तफररी की स्थिति बन गई। सुरक्षाकर्मियों के साथ मौजूद कार्यकर्ताओं ने किसी तरह मंत्री को भीड़ के बीच में से सकुशल बाहर निकाला।

पूर्व नियोजित साजिश का हिस्सा था हमला
मंत्री के प्रतिनिधि हरिश्चंद्र शर्मा ने इसे पूर्व नियोजित साजिश के तहत किया गया हमला बताया। उन्होंने स्थानीय आरजेडी नेता पर यह आरोप लगाया है। इस बीच मंत्री अरुण शंकर प्रसाद कलुआही थाना पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार भी थाना पहुंचे।