मुजफ्फरपुर
बिहार के मुजफ्फरपुर में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है, जहां लव मैरिज से नाराज परिजनों ने 19 वर्षीय सुजाता कुमारी की गला दबाकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, लोकलाज और पहचान मिटाने के डर से आरोपियों ने शव को बूढ़ी गंडक नदी के किनारे गुपचुप तरीके से जला दिया। सोशल मीडिया पर मृतका के पति द्वारा उठाए गए सवालों और पुलिसिया तफ्तीश के बाद इस खौफनाक वारदात का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने मृतका के भाई को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।.jpg)
घटना की पूरी जानकारी
मामला सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र का है। मृतका की पहचान 19 वर्षीय सुजाता कुमारी के रूप में हुई है। सुजाता ने इसी साल जनवरी में अपने प्रेमी गौरीशंकर के साथ घर से भागकर शादी की थी। दोनों अलग-अलग जातियों के थे, इस वजह से लड़की के परिवार वाले इस रिश्ते का विरोध कर रहे थे। घंसौत गांव के गौरीशंकर कुमार और कोदरिया गोसाईपुर की सुजाता के बीच वर्ष 2020 से प्रेम संबंध था। सुजाता का ननिहाल गौरीशंकर के गांव में ही था और दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे। छह साल तक चले प्रेम संबंध के बाद 18 जनवरी 2026 को दोनों घर से भाग गए और समस्तीपुर में शादी कर ली। इसके बाद दोनों हरियाणा चले गए और पति-पत्नी के रूप में रहने लगे। इधर, लड़की के परिजनों ने सिवाईपट्टी थाने में अपहरण का मामला दर्ज करा दिया था।
पति के जेल जाते ही मायके वाले ले गए घर
हरियाणा में छापेमारी कर पुलिस ने 11 फरवरी को सुजाता और गौरीशंकर को बरामद किया था, जहां कोर्ट में बालिग सुजाता ने अपनी मर्जी से शादी करने और पति के साथ रहने का बयान दिया। कानूनी प्रक्रिया के तहत गौरीशंकर के जेल जाने पर सुजाता एक रिश्तेदार के यहां रहने लगी, जिसे बाद में, होली के त्योहार के दौरान सुजाता की मां उसे अपने घर ले गई। 31 मार्च को आखिरी बार बात होने के बाद से सुजाता के लापता होने पर गौरीशंकर ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पत्नी की हत्या की आशंका जताई और दोषियों की गिरफ्तारी न होने पर आत्महत्या की चेतावनी दी। इसके बाद उसने पुलिस को व्हाट्सएप पर शव गायब करने का आवेदन भेजा, जिस पर एसएसपी राकेश कुमार के निर्देशानुसार ग्रामीण एसपी और डीएसपी पूर्वी के नेतृत्व में गठित जांच टीम ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी अभिषेक कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
युवती की हत्या कर शव जलाया, भाई गिरफ्तार
पूछताछ में अभिषेक ने स्वीकार किया कि सुजाता ने अपनी मर्जी से दूसरी जाति के गौरीशंकर से शादी की थी। परिवार को आशंका थी कि वह दोबारा अपने पति के पास चली जाएगी। इसी वजह से 8 मई को उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई और शव को बूढ़ी गंडक नदी के किनारे ले जाकर जला दिया गया। आरोपी की निशानदेही पर FSL टीम ने उस जगह से सैंपल लिए हैं, जहां शव जलाने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि इस हत्या में पांच से अधिक लोगों की भूमिका सामने आई है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। डीएसपी पूर्वी अलय वत्स ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह मामला सामने आया था, जिसकी जांच कराई गई। इस संबंध में गौरीशंकर कुमार की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। इसमें पीड़ित ने अपनी पत्नी सुजाता कुमारी की हत्या उसके मायके वालों द्वारा करने और लाश को छिपाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने नामजद आरोपी अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया है।