द फॉलोअप डेस्क:
Anant Singh: मोकामा के विधायक अनंत सिंह (Anant Singh) शुक्रवार को प्रयागराज (Prayagraj) के लिए रवाना हो गए। बताया जा रहा है कि वह अपने पुराने दोस्त पप्पू सलमान के घर आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रहे हैं। रवाना होने से पहले उन्होंने मीडिया से बातचीत की और अपनी दोस्ती का जिक्र करते हुए कहा कि पप्पू सलमान (Pappu Salman) से उनके पुराने संबंध हैं। उन्होंने कहा, ''उनसे पुरानी दोस्ती और घरेलू संबंध हैं। बिहार ही नहीं, पूरे देश में मेरे आदमी हैं।''

सदस्यता रद्द करने के नोटिस पर क्या बोले अनंत सिंह?
मीडिया से बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने विधानसभा की सदस्यता समाप्त करने की मांग को लेकर भेजे गए नोटिस पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि शादी के बाद वह इसका जवाब देंगे। फिलहाल वह अपना काम करेंगे और इसमें कोई परेशानी नहीं है। दरअसल, अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की मांग को लेकर जेडीयू ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को पत्र लिखा था। इसके बाद स्पीकर की ओर से उन्हें नोटिस जारी किया गया। प्रेम कुमार पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि अनंत सिंह का जवाब मिलने के बाद नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लालू यादव और तेजस्वी यादव को देंगे शादी का न्योता
अनंत सिंह ने अपनी बेटी शिवांगी की शादी को लेकर भी अहम जानकारी दी। उनकी बेटी की शादी 25 नवंबर को होनी है, जिसकी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि वह इस शादी में आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को भी आमंत्रित करेंगे। इसके अलावा बिहार के दूसरे नेताओं को भी शादी का निमंत्रण दिया जाएगा। अनंत सिंह के इस बयान को राजनीतिक गलियारों में भी अहम माना जा रहा है।

दुलारचंद हत्याकांड में सरेंडर की समयसीमा पर दी सफाई
दुलारचंद हत्याकांड मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अनंत सिंह को 4 दिसंबर तक सरेंडर करने का आदेश दिया है। इस पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उन्हें सरेंडर करने के लिए 4 दिसंबर तक का समय मिला है। उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया में इस मामले को लेकर गलत जानकारी प्रसारित हुई है। वहीं, जेडीयू की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, निशांत कुमार और ललन सिंह की गैरमौजूदगी को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
पटना से प्रयागराज तक होगा अनंत सिंह का रोड शो
जानकारी के मुताबिक, अनंत सिंह के प्रयागराज दौरे को लेकर समर्थकों में खासा उत्साह है। पटना से प्रयागराज तक उनके भव्य रोड शो की तैयारी की गई है। इस दौरान समर्थक उनके साथ रहेंगे और रास्ते में अलग-अलग जगहों पर उनका स्वागत किया जाएगा। बताया जा रहा है कि अनंत सिंह आरा, बक्सर, मोहनिया और बनारस होते हुए प्रयागराज पहुंचेंगे। इस पूरे दौरे को उनके समर्थकों की लामबंदी और शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है।