द फॉलोअप डेस्क:
बिहार विधान परिषद (Bihar Legislative Council) की पटना स्नातक सीट पर चुनावी मुकाबले के बीच मोकामा के विधायक अनंत सिंह (Anant Singh) का बयान चर्चा में है। मतगणना से पहले ही उन्होंने जीत के जश्न की तैयारी शुरू कर दी है। जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में खड़े अनंत सिंह को उनकी जीत का पूरा भरोसा है। 23 अक्टूबर को बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक कोटे की आठ सीटों के लिए मतदान हुआ था। अब 27 अक्टूबर को मतगणना होगी, जिसके बाद उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा। अनंत सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वोट किसी दुकान में नहीं मिलता है, जनता मालिक है और उन्हें जनता पर पूरा भरोसा है।

अनुज सिंह के समर्थन में उतरे अनंत सिंह
पटना स्नातक सीट पर मुकाबला दिलचस्प होने की एक बड़ी वजह अनंत सिंह और जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार के बीच की राजनीतिक तल्खी भी है। अनंत सिंह लगातार जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह के पक्ष में प्रचार करते रहे हैं। उन्होंने चुनाव प्रचार और रोड शो के जरिए अनुज सिंह के लिए समर्थन जुटाने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने नीरज कुमार को लेकर भी कई बार बयान दिए। यही वजह है कि पटना स्नातक सीट पर अनुज सिंह और नीरज कुमार के बीच कड़ी टक्कर की चर्चा हो रही है। अब सबकी नजरें 27 अक्टूबर को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं।

नीरज कुमार का पलटवार
दूसरी ओर, जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार ने भी मतदान के बाद अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं की जीत का जिक्र करते हुए कहा कि नीतीश कुमार के संस्कार, उनके प्रभाव और उनके प्रति लोगों के स्नेह का रिकॉर्ड कायम रहा है। राजनीतिक विमर्श में अपराधियों की पहचान को लेकर भी उन्होंने तंज कसा और कहा कि इसके खिलाफ उन्हें व्यापक समर्थन मिला है। अनंत सिंह के विरोध से जुड़े सवाल पर नीरज कुमार ने इशारों में निशाना साधते हुए कहा कि विरोध करने वालों की तबीयत पार्टी खराब कर देगी। दोनों नेताओं के बयानों से पटना स्नातक सीट का सियासी माहौल और गरमा गया है। अब देखना होगा कि मतगणना के बाद किसके दावे सही साबित होते हैं।