द फॉलोअप डेस्क:
पटना में जारी छात्र आंदोलन के बीच बिहार लोक सेवा आयोग ने सरकारी शिक्षक के 32,388 पदों पर भर्ती निकाली है। आयोग ने विज्ञापन संख्या 14/2026 के तहत इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगा है। बीपीएससी ने जानकारी दी है कि ऑनलाइन आवेदन औऱ शुल्क जमा करने की प्रक्रिया 1 सितंबर 2026 से शुरू होगी। शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि 29 सितंबर और ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। आयोग ने कहा है कि अभ्यर्थी विज्ञापन से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट bpsc.bihar.gov.in को देख सकते हैं।
विज्ञापन संख्या-14/2026 के तहत शिक्षा विभाग, बिहार के अंतर्गत विद्यालय अध्यापक के कुल 32,388 रिक्त पदों पर नियुक्ति हेतु योग्य भारतीय उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
— Bihar Public Service Commission (@BPSCOffice) August 18, 2026
ऑनलाइन आवेदन एवं शुल्क भुगतान की प्रक्रिया 01 सितंबर 2026 से शुरू होगी। शुल्क भुगतान की अंतिम… pic.twitter.com/he42Gf3CQu
चिराग पासवान ने फैसले का स्वागत किया
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने सरकार के फैसले का स्वागत किया है। चिराग पासवान ने इसे उन लाखों छात्रों और अभ्यर्थियों की मेहनत की सफलता करार दिया है, जिन्होंने लंबे समय तक अपनी मांगों के समर्थन में संघर्ष किया। गौरतलब है कि पटना के गर्दनीबाग में 70वीं BPSC सिविल सेवा परीक्षा को रद्द करने के अलावा शिक्षक भर्ती समेत अन्य नौकरियों का विज्ञापन निकालने की मांग की जा रही है।
लंबे समय से जारी है शिक्षक भर्ती की मांग
गौरतलब है कि बिहार में लंबे समय से TRE-4 शिक्षक भर्ती विज्ञापन की मांग की जा रही थी। इसे लेकर पटना में अभ्यर्थियों का आंदोलन भी जारी है। शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में देरी से आक्रोशित अभ्यर्थी शिक्षा मंत्री का इस्तीफा भी मांग रहे हैं। इसी बीच सरकार ने 32,388 सरकारी शिक्षक की बहाली की नोटिफिकेशन जारी किया है।