द फॉलोअप डेस्क
पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने आगामी 21 और 22 मार्च के लिए बिहार के 26 जिलों में मौसम को लेकर एक बड़ा पूर्वानुमान जारी किया है। इसमें बारिश, तेज हवाएं, मेघगर्जन और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इस कारण इन जिलों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बिहार के लगभग 70 फीसदी हिस्से में इन दो दिनों में बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 6 जिलों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है। इसके मद्देनजर येलो अलर्ट जारी किया गया है।इन जिलों में है बारिश का अलर्ट
बता दें कि राज्य के कैमूर, बक्सर, भोजपुर, पटना, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, भागलपुर, कटिहार, पूर्णिया, खगड़िया, मधेपुरा, सुपौल, अररिया, किशनगंज, अरवल, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई और बांका जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ बारिश होने की संभावना है। इसे लेकर प्रशासन ने येलो अलर्ट जारी किया है।
ओलावृष्टि की है संभावना
इसके साथ ही रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई और बांका जिलों में 21 और 22 मार्च को तेज हवाओं और भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई जा रही है। इस कारण इन जिलों के लोग अतिरिक्त सावधानी बरतें, क्योंकि मौसम का मिजाज अचानक बदल सकता है।
क्या रहेगा तापमान और हवाओं का प्रभाव
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, बिहार में अगले 48 घंटे में अधिकतम तापमान 32 से 38 डिग्री सेल्सियस तक हो सकता है। इस दौरान शेखपुरा, खगड़िया, बांका, मुंगेर, भागलपुर और बेगूसराय जिलों में गर्मी अधिक महसूस हो सकती है। इसके साथ ही कई जिलों में पछुआ हवाएं चलने की संभावना है, जिससे सुबह और शाम के समय में हल्की ठंडक का अनुभव हो सकता है।