द फॉलोअप डेस्क
पूर्णिया से एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां धमदाहा-भवानीपुर स्टेट हाईवे पर सोमवार की सुबह शराब माफियाओं की एक तेज रफ्तार कार ने मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन छात्रों को कुचल दिया। इस घटना में 2 छात्राओं की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया है।.jpeg)
मृतकों की पहचान सुरेश हेंब्रम की 19 वर्षीय पुत्री राजनंदनी कुमारी और 11 वर्षीय मोनिका कुमारी शामिल है। राजनंदनी बीएचयू की मेधावी छात्रा थीं। वहीं मोनिका नवोदय विद्यालय में पढ़ाई करती थी। दोनों सखुआ टोली की निवासी थी। घटना के बाद पुरे इलाके में मातम छाया हुआ है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 
वहीं घायल की पहचान गंगाराम हेंब्रम के रूप में हुई है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है। इसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार तीनों सड़क किनारे टहल रहे थे। इसी क्रम में धमदाहा की ओर से आ रही शराब से लदी कार ने उन्हें टक्कर मार दी। जिसमें 2 छात्राओं की मौके पर मौत हो गई। 
घटना को लेकर स्थानीय लोगों का कहना है कि कार शराब माफियाओं की थी जो शराब ककी खेप लेकर जा रही थी। घटना के बाद कार चालक गाड़ी को छोड़कर मौके से फरार हो गया। जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।