logo

एक तरफ़ा प्यार में लड़का बना हैवान, घर में सो रही छात्रा पर किया एसिड अटैक, बचाने आई मां भी झुलसी

एसिड.jpg

द फॉलोअप डेस्क
मोतिहारी के पताही थाना क्षेत्र में एक छात्रा पर एसिड अटैक का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक पीड़िता अपने घर में मां के साथ सो रही थी, तभी एक हमलावर ने अंधेरे का फायदा उठाकर घर में प्रवेश किया और लाइट बंद कर छात्रा के चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। जलन से छात्रा के चिल्लाने पर जब तक परिजन जागते, आरोपी मौके से फरार हो गया।
गंभीर रूप से झुलसी छात्रा को आनन-फानन में मोतिहारी के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार तेजाब से छात्रा का चेहरा काफी बुरी तरह प्रभावित हुआ है और फिलहाल उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने तत्काल पुलिस को मामले की सूचना दी, जिसके बाद जांच की प्रक्रिया शुरू हुई।
पुलिस को दिए बयान में पीड़िता ने बताया कि उसके चाचा के साथ पुराना पारिवारिक विवाद चल रहा है। हमले का आरोप उसके चाचा के मामा के बेटे प्रियांशु पर लगा है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी प्रियांशु उस पर बातचीत करने के लिए लगातार दबाव बनाता था। जब छात्रा ने उससे दूरी बना ली और संपर्क तोड़ दिया, तो उसने बदले की भावना से इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई। एसपी स्वर्ण प्रभात ने घटना को लेकर बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने छापेमारी की और मुख्य आरोपी प्रियांशु को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि घटना की कड़ियों को पूरी तरह जोड़ा जा सके।
इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश और भय का माहौल है। पुलिस ने घटनास्थल का पर पहुंचकर जांच में जुटी हुई है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, पीड़िता के परिवार ने प्रशासन से बेहतर इलाज और आरोपी के लिए कड़ी से कड़ी सजा की गुहार लगाई है।

Tags - bihar news bihar khabar bihar update bihar trending news motihari news east champaran news motihari khabar acid attack news acid attack khabar