हाजीपुर
हाजीपुर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। हाजीपुर स्थित कोर्ट को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इससे पहले सोमवार को ही पूर्णिया और किशनगंज के सिविल कोर्ट को भी इसी तरह की धमकी मिल चुकी है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। सुरक्षा एजेंसियां तुरंत एक्शन में आ गईं और पूरे इलाके को घेर लिया गया। पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में है। धमकी मिलते ही वैशाली एसपी के निर्देश पर भारी संख्या में पुलिस बल कोर्ट परिसर पहुंच कर पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। सुबोध कुमार SDPO ने टीम के साथ बिना समय गंवाए कोर्ट के सभी कमरों को खाली कराना शुरू कर दिया। जज, वकील और मुवक्किलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। एहतियात के तौर पर कोर्ट के मुख्य गेट पर बैरिकेडिंग कर दी गई है और आम लोगों की एंट्री पूरी तरह बंद कर दी गई है।
बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड
मामले की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया है। पूरे कोर्ट परिसर की बारीकी से तलाशी ली जा रही है। पुलिस यह सुनिश्चित करने में जुटी है कि कहीं कोई संदिग्ध वस्तु तो मौजूद नहीं है। फिलहाल कोर्ट का कामकाज पूरी तरह रोक दिया गया है, जिससे वहां डर का माहौल बना हुआ है। धमकी भरे ईमेल की जांच के लिए साइबर सेल को लगाया गया है। पुलिस उस ईमेल आईडी को ट्रैक कर रही है, जिससे यह संदेश भेजा गया। अधिकारियों का कहना है कि यह शरारत है या कोई बड़ी साजिश, इसकी गहराई से जांच की जा रही है।
पहले भी पूर्णिया और किशनगंज कोर्ट को धमकी मिली
इसी दिन पूर्णिया और किशनगंज कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। ऐसे में पूरे राज्य में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। फिलहाल पुलिस हर पहलू पर नजर बनाए हुए है और स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में बताया जा रहा है।