पटना:
बिहार (Bihar) के तीन जिलों में 37 लोगों के मौत की सूचना है। ये सभी मौतें होली पर्व के दरम्यान हुई हैं। मिली जानकारी के मुताबिक बिहार के भागलपुर, बांका और मधेपुरा में कथित तौर पर जहरीली शराब के सेवन से 37 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 22 लोग भागलपुर (Bhagalpur) के थे। 12 लोग बांका (Banka) के थे वहीं मधेपुरा (Madhepura) में 3 लोगों की मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि जहरीली शराब के सेवन से इन लोगों की मौत हुई है वहीं पुलिस और जिला प्रशासन का कहना है कि जहरीली शराब से मौत की बात सच नहीं है।

बिहार पुलिस मुख्यालय ने रिपोर्ट सार्वजनिक किया
तमाम कयासों के बीच बिहार पुलिस मुख्यालय (Bihar Police Headquarters) ने भागलपुर औऱ बांका के जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक की जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक किया है। रिपोर्ट कहती है कि किसी भी व्यक्ति की मौत शराब के सेवन से नहीं हुई है। चौंकाने वाली बात है कि किसी का भी पोस्टमॉर्टम नहीं करवाया गया है।
दावा ये भी है कि 2 मृतकों के पोस्टमॉर्टम के आधार पर तय कर लिया गया कि मौत की वजह क्या रही। रिपोर्ट में कहा गया है कि मृतकों ने हार्ट अटैक और पुरानी बीमारी की वजह से जान गंवाई है।

बीमारियों की वजह से गई है कई लोगों की जान!
इस बीच पटना स्थित एडीजी मुख्यालय ( ADG Patna) में जेएस गंगवार ने कहा कि भागलपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में 4 लोगों की मौत हो गई थी। इनमें से 2 लोगों का पोस्टमॉर्टम करवाया गया। इनके मौत के कारणों की पुष्टि के लिए एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। वहीं 2 अन्य मृतकों के परिजनों का कहना है कि बीमारी की वजह से उनकी जान गई।
परिजनों की सहमति से हुआ मृतकों का पोस्टमॉर्टम
एडीजी जेएस गंगवार ने मधेपुरा में हुई 3 लोगों की मौत पर कहा कि परिजनों के मुताबिक उन्हें पहले से बीमारियां थीं। उन्होंने कहा कि हालांकि, जहरीली शराब के सेवन से मौत के दावों की पुष्टि के लिए हम संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी कर रहे हैं। भागलपुर के डीएम ने कहा कि जिन लोगों की निधन हुआ है। उनमें से 2 मृतकों की पोस्टमॉर्टम उनके परिजनों की सहमति से किया गया। 2 अन्य मृतकों में से 1 की मौत हार्ट अटैक से तो वहीं अन्य का निधन बीमारी से हुई है।