दिल्ली:
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव (Lalu Yadav) आज कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) से मुलाकात करेंगे। इस मुलाकात के दौरान ये नेता विपक्षी दलों को एक साथ लाने पर चर्चा कर सकते हैं। जहां एक तरफ लालू यादव शनिवार को दिल्ली पहुंच चुके हैं,वहीं नीतीश कुमार आज दिल्ली पहुंचेंगे।

2024 में बीजेपी का देश से भी सफाया हो जाएगा-लालू
शनिवार को आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव पटना से दिल्ली पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने पटना एयरपोर्ट पर बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि बिहार में बीजेपी की सरकार हटा दी गई है 2024 में से भी उनका देश से भी सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा कि हम विपक्षी एकता की हरसंभव कोशिश कर रहे हैं। सोनिया गांधी के साथ बैठक का यही एजेंडा है।

नीतीश ने राहुल गांधी से की थी मुलाकात
बता दें कि बीजेपा का हाथ छोड़ने के बाद और बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद से बिहार के सीएम नीतीश कुमार लगातार विपक्षी नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। इसी कड़ी में नीतीश कुमार इसी महीने 2 दिनों के लिए दिल्ली दौरे पर गए थे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच वर्तमान राजनीतिक हालात और विपक्ष एकजुटता को लेकर बातचीत हुई थी। बता दें कि उस दौरान सोनिया गांधी अपनी मां के निधन के कारण देश से बाहर गई हुई थी।